गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

शिवपुरी को मिली 2,500 करोड़ की डिफेंस फैक्ट्री की सौगात, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रखी आधारशिला; 211 करोड़ के विकास कार्यों का भी लोकार्पण,

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के लिए रविवार का दिन विकास और औद्योगिक निवेश के लिहाज से ऐतिहासिक रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले को 211 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए उनके लोकार्पण और भूमिपूजन किए। इसके साथ ही उन्होंने अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस द्वारा स्थापित किए जाने वाले लगभग 2,500 करोड़ रुपये के अत्याधुनिक रक्षा एवं एयरोस्पेस निर्माण संयंत्र की आधारशिला रखी। इस परियोजना को दक्षिण एशिया के निजी क्षेत्र का सबसे बड़ा डिफेंस एवं एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट बताया जा रहा है।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, अदाणी समूह के निदेशक करण अदाणी और जीत अदाणी सहित जनप्रतिनिधि, उद्योग जगत के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम से पहले अतिथियों ने प्रदर्शनी में आधुनिक हथियारों, रक्षा उपकरणों और अत्याधुनिक सैन्य तकनीक का अवलोकन भी किया।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि शिवपुरी तेजी से औद्योगिक और आर्थिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अदाणी डिफेंस प्लांट की स्थापना से न केवल बड़े पैमाने पर निवेश आएगा, बल्कि हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह परियोजना मध्य प्रदेश को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।पाली गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 के किनारे स्थापित होने वाले इस मेगा प्रोजेक्ट में गोला-बारूद, अत्याधुनिक हथियार, मिशन-रेडी मिसाइलें तथा हाईटेक डिफेंस उपकरणों का निर्माण किया जाएगा। यह संयंत्र देश की रक्षा उत्पादन क्षमता को मजबूत करने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी नई गति देगा। परियोजना से लगभग 5 हजार प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है।मुख्यमंत्री ने कहा कि गुना में प्रस्तावित सीमेंट प्लांट और शिवपुरी में डिफेंस उद्योग जैसे बड़े निवेश पूरे ग्वालियर-चंबल क्षेत्र को औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार निवेशकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं और उद्योग-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिवपुरी जिले के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बताया कि शिवपुरी को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए लगभग 120 करोड़ रुपये की लागत से 14 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजी यूनिट शुरू होगी, जबकि खोड़ में नया कला, वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय खोला जाएगा। सुभाषपुरा को नई तहसील का दर्जा दिया जाएगा और पिछोर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की जाएगी।इसके अलावा करेगा-भितरवार मार्ग से समोहा डैम तक नई सड़क बनाई जाएगी। खनियाधाना में कृषि उपज मंडी स्थापित होगी, जबकि खतौरा ग्राम पंचायत में सांदीपनि विद्यालय शुरू किया जाएगा। शिवपुरी में 200 बिस्तरों वाला आधुनिक मातृ एवं शिशु अस्पताल भी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि प्राकृतिक और ऐतिहासिक धरोहरों से समृद्ध शिवपुरी को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।कि डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट शुरू होने से स्थानीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को भी बड़ा लाभ मिलेगा। रक्षा उत्पादन की सप्लाई चेन से जुड़ने के कारण स्थानीय उद्योगों को नए व्यापारिक अवसर प्राप्त होंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।शिवपुरी में शुरू हुई यह औद्योगिक पहल केवल एक नई फैक्ट्री की स्थापना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मध्य प्रदेश को रक्षा निर्माण, निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास के नए युग की ओर ले जाने वाला एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *