गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

भारत-बांग्लादेश सीमा पर बढ़ी सतर्कता, अवैध प्रवासियों के मुद्दे पर दोनों देशों में गतिविधियां तेज,

भारत में अवैध प्रवासियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच बांग्लादेश ने भारत से सटे 11 सीमावर्ती जिलों में अंसार-वीडीपी (Ansar-VDP) सदस्यों की तैनाती की है। बांग्लादेशी अधिकारियों के अनुसार यह कदम बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) और अंसार-वीडीपी के बीच वर्ष 2025 में हुए समझौते के तहत सीमा प्रबंधन एवं सुरक्षा समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है।चपैनवाबगंज, नौगांव, जॉयपुरहाट, जशोर, जेनाइदाह, सतखिरा, ठाकुरगांव, दिनाजपुर, सिलहट, जमालपुर और खगराछारी जिलों में अंसार-वीडीपी बलों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए अंसार बटालियन के जवानों को स्टैंडबाय पर रखा गया है।बांग्लादेशी अधिकारियों का कहना है कि अंसार-वीडीपी की भागीदारी राष्ट्रीय सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ BGB के अभियानों में सहयोग प्रदान करेगी। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब भारत और बांग्लादेश के बीच कथित अवैध घुसपैठियों के मुद्दे को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है।दूसरी ओर, पश्चिम बंगाल में अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। राज्य सरकार के अनुसार मई माह में विभिन्न जिलों में होल्डिंग सेंटर स्थापित किए गए थे, जहां चिन्हित लोगों को रखा जा रहा है। राज्य प्रशासन का दावा है कि अब तक बड़ी संख्या में बांग्लादेशी नागरिकों को सीमा पार वापस भेजा जा चुका है तथा शेष लोगों की प्रक्रिया भी जारी है।सीमा सुरक्षा और अवैध प्रवासन का मुद्दा दोनों देशों के लिए महत्वपूर्ण विषय बना हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि सीमा प्रबंधन, सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय और कूटनीतिक संवाद इस चुनौती से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *