गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

भीषण गर्मी में सतर्क रहें, स्वास्थ्य सुरक्षा को दें प्राथमिकता: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए प्रदेशवासियों से अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्कता बरतने और आवश्यक बचाव उपाय अपनाने की अपील की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि ग्रीष्मकाल के दौरान अत्यधिक गर्मी और लू से बचाव के लिए सभी नागरिकों को सावधानीपूर्वक दिनचर्या अपनानी चाहिए, ताकि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचा जा सके।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश के अनेक हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष देखभाल और सुरक्षा की आवश्यकता है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, शरीर में पानी की कमी न होने दें तथा बच्चों को नियमित रूप से हाइड्रेटेड रखें। बाहर निकलते समय पानी की बोतल साथ रखना आवश्यक है, जिससे गर्मी के प्रभाव को कम किया जा सके।मुख्यमंत्री ने नागरिकों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, हल्के एवं सूती कपड़े पहनने तथा छायादार स्थानों का उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तेज धूप और गर्म हवाओं के संपर्क में लंबे समय तक रहने से लू लगने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए सावधानी बरतना अत्यंत आवश्यक है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सेवाभावी नागरिकों और सामाजिक संस्थाओं द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल, शीतल जल और छाछ जैसी व्यवस्थाएं करना मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस कठिन समय में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के लिए समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को आगे आना चाहिए। सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर पेयजल की व्यवस्था से आम नागरिकों को काफी राहत मिलती है।उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा और सहयोग की भावना को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। ऐसे समय में यदि हम जरूरतमंदों के लिए पेयजल और छांव जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं, तो यह समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का परिचायक होगा।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे स्वयं भी सुरक्षित रहें और अपने आसपास के लोगों, विशेषकर बुजुर्गों, श्रमिकों और जरूरतमंदों का भी ध्यान रखें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नागरिक मिलकर सतर्कता और सहयोग की भावना के साथ इस भीषण गर्मी का सामना करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *