पेट्रोल, डीजल और सीएनजी गैस की बढ़ी हुई कीमतों को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। ईंधन दरों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सोहना चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।प्रदर्शन का नेतृत्व Nishit Kataria और Pankaj Dawar ने किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी सरकार की आर्थिक नीतियों को पूरी तरह विफल बताते हुए आम जनता पर महंगाई का बोझ डालने का आरोप लगाया।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दाम पहले ही आम आदमी की पहुंच से बाहर हो चुके थे और अब सीएनजी गैस की कीमतों में बढ़ोतरी ने लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। रसोई गैस से लेकर वाहन ईंधन तक हर जरूरी चीज महंगी होने से मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों का मासिक बजट बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।नेताओं ने कहा कि एक ओर लोगों की आय और रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर लगातार बढ़ती महंगाई ने आम नागरिकों की कमर तोड़ दी है। सरकार को जनता की समस्याओं और आर्थिक कठिनाइयों से कोई सरोकार नहीं रह गया है।कांग्रेस ने चेतावनी दी कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर परिवहन और मालभाड़े पर पड़ेगा। इसके परिणामस्वरूप फल, सब्जियां, दूध, राशन और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम भी बढ़ेंगे, जिससे महंगाई का नया दौर शुरू हो सकता है।कांग्रेस ने मांग की कि केंद्र सरकार तुरंत पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ी हुई कीमतें वापस ले तथा आम जनता को महंगाई से राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाए।कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आने के बावजूद केंद्र सरकार टैक्स में कमी कर जनता को राहत नहीं देती। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपनी आर्थिक विफलताओं को छिपाने के लिए जनता को गुमराह करने का काम कर रही है।