मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं,

भोपाल, 5 सितम्बर 2025। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि शिक्षा ही समाज एवं राष्ट्र की प्रगति का सशक्त आधार है और शिक्षक इस आधार के सच्चे शिल्पी होते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान का संचार ही नहीं करते बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का निर्माण कर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।डॉ. यादव ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। एक अच्छा शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन में मार्गदर्शक, प्रेरक और आदर्श की भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षक दिवस महान दार्शनिक, शिक्षाविद् और भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। यह दिन उन सभी शिक्षकों को नमन करने का अवसर है जो अपने कर्तव्यपथ पर निष्ठा, समर्पण और धैर्य के साथ कार्यरत रहते हुए विद्यार्थियों का भविष्य संवारने में अपना योगदान दे रहे हैं।मुख्यमंत्री ने बताया कि शुक्रवार को भोपाल में राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रशासन अकादमी में राज्यस्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह-2025 का आयोजन किया जा रहा है।

इस अवसर पर प्रदेशभर से चयनित उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सम्मान समारोह न केवल शिक्षकों के योगदान को मान्यता देने का प्रयास है, बल्कि यह अन्य शिक्षकों को भी प्रेरित करेगा कि वे शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक नवाचार व समर्पण के साथ कार्य करें।डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के हितों के प्रति संवेदनशील है और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार द्वारा शिक्षा के आधुनिकीकरण, डिजिटल शिक्षण को प्रोत्साहन, और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षक दिवस पर हमें इस संकल्प को दोहराना चाहिए कि हम शिक्षा को और अधिक प्रभावी, मूल्य आधारित एवं जीवनोपयोगी बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *