गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

पेसा मोबिलाइजर्स के रोजगार को लेकर सरकार संवेदनशील, जल्द निकलेगा समाधान : CM मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश के सभी पेसा मोबिलाइजर्स के प्रति संवेदनशील है और उनके रोजगार एवं भविष्य को लेकर सद्भावनापूर्वक विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि पेसा मोबिलाइजर्स की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के स्तर पर प्रयास जारी हैं और जल्द ही सकारात्मक समाधान सामने आएगा।मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को मुख्यमंत्री निवास में मंडला, डिंडौरी सहित प्रदेश के अन्य जिलों से आईं पेसा मोबिलाइजर्स बहनों से मुलाकात कर रहे थे। इस दौरान पेसा मोबिलाइजर्स ने मुख्यमंत्री को राखी बांधकर अपना स्नेह और अपनत्व व्यक्त किया। बहनों ने मुख्यमंत्री को रूमाल ओढ़ाया, फूल और श्रीफल भेंट किया तथा मिठाई खिलाकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।मुख्यमंत्री ने भी बहनों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और राखी बंधवाकर उन्हें नेग स्वरूप स्नेह राशि प्रदान की। उन्होंने सभी बहनों का मुख्यमंत्री निवास में स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दीं।

रोजगार के समाधान का दिया भरोसा

पेसा मोबिलाइजर्स ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्हें दोबारा इसी पद पर नियुक्त करने की मांग रखी। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पेसा कानून के तहत पेसा मोबिलाइजर्स की व्यवस्था केंद्र सरकार की योजना के अंतर्गत संचालित थी, जिसे केंद्र सरकार द्वारा बंद किया गया है।मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार ने पेसा मोबिलाइजर्स की स्थिति को लेकर केंद्र सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय को पत्र भेजा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस विषय को गंभीरता से ले रही है और पेसा मोबिलाइजर्स की बेहतरी के लिए हर संभव विकल्प पर विचार किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, सामाजिक न्याय विभाग और वित्त विभाग मिलकर इस विषय पर संवेदनशीलता के साथ विचार कर रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि पेसा मोबिलाइजर्स की समस्या का जल्द से जल्द व्यावहारिक और सकारात्मक समाधान निकाला जा सके।

आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पेसा मोबिलाइजर्स बहनों से बातचीत के दौरान लाड़ली बहना योजना की राशि मिलने के संबंध में भी जानकारी ली। बहनों ने बताया कि उन्हें योजना का लाभ मिल रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बहनों को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय श्री नीरज मंडलोई, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, संचालक जनसम्पर्क श्री अरविंद दुबे, भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी, पेसा मोबिलाइजर्स संघ के अध्यक्ष श्री उपेंद्र कुमार कोड़ापे सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पेसा मोबिलाइजर्स बहनें उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *