गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

19 जुलाई को कांग्रेस विधायक दल की बैठक, विधानसभा सत्र की रणनीति पर होगा मंथन,

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के आगामी सत्र को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार, 19 जुलाई 2026 को शाम 7:30 बजे नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के निवास बी-12 (ए), 74 बंगला, भोपाल में कांग्रेस विधायक दल की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में आगामी विधानसभा सत्र के दौरान पार्टी की रणनीति तय करने के साथ-साथ जनहित के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी।बैठक में कांग्रेस विधायक दल प्रदेश से जुड़े उन प्रमुख विषयों पर विचार-विमर्श करेगा, जिन्हें आगामी विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाया जाएगा। इनमें किसानों की समस्याएं, युवाओं के रोजगार, सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वार्षिक जॉब कैलेंडर जारी करने की मांग, भर्ती परीक्षाओं में सुधार, महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति, आदिवासी एवं दलित समुदायों से जुड़े मुद्दे तथा प्रदेश में कथित भ्रष्टाचार और अन्य जनहित के विषय शामिल हैं। साथ ही मुख्यमंत्री एवं उनके परिवार से जुड़े कथित भूमि घोटाले के मुद्दे पर भी चर्चा प्रस्तावित है।नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल विधानसभा में जनता से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती और तथ्यात्मक आधार पर उठाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, महिलाओं की सुरक्षा, आदिवासी एवं दलित समुदाय के अधिकारों और अन्य जनहित के विषयों पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा सत्र विपक्ष के लिए जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से सदन में रखने का अवसर होगा। कांग्रेस विधायक दल पूरी तैयारी और एकजुटता के साथ सत्र में भाग लेगा तथा प्रदेश के विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा।बैठक में विधानसभा सत्र के दौरान अपनाई जाने वाली रणनीति, विभिन्न विधायी विषयों पर पार्टी का रुख और सदन में विपक्ष की भूमिका को लेकर भी विस्तृत चर्चा किए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *