पाकिस्तान और दुबई की संयुक्त मेजबानी में 19 फरवरी से चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन किया जा रहा है। आठ साल बाद ये टूर्नामेंट लौटकर आ रहा है। साल 2017 में आखिरी बार इस टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। तब फाइनल में भारत को पाकिस्तान के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। उस मैच को हारने वाली और इस साल चुनी गई टीम इंडिया में कुछ नाम कॉमन है। ये नाम हैं-विराट कोहली, रोहित शर्मा और रवींद्र जडेजा। चैंपियंस ट्रॉफी-2025 इन सभी का आखिरी टूर्नामेंट हो सकता है।भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा का ऐसा मानना है। आकाश के मुताबिक, ये टूर्नामेंट इन तीनों का आखिरी आईसीसी टूर्नामेंट हो सकता है। उनके मुताबिक ये तीनों 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप तक शायद ही इंतजार करें और इससे पहले ही संन्यास ले लेंगे। तीनों ने पिछले साल टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया था।