अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव पर दुनिया की नजर जमी हुई थी। ऐसे में डोनाल्ड ट्रंप की जीत के साथ ही दुनियाभर के देशों के नेताओं के बयान और बधाई संदेश भी आने लगे हैं। भारत के पीएम नरेंद्र मोदी ट्रंप को बधाई देने वाले शुरुआती नेताओं में रहे। वहीं रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की ओर से भी ट्रंप को बधाई दी जाएगी या नहीं, ये साफ नहीं हो सका है। रूस की ओर से कहा गया है कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की फिलहाल ऐसी कोई योजना नहीं है।क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा है कि हमम ठोस कदमों और ठोस शब्दों के आधार पर निष्कर्ष निकालेंगे। रूस और अमेरिका के यूक्रेन में युद्ध के चलते तनाव से गुजर रहे हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने भी चुनाव प्रचार के दौरान रूस को लेकर आक्रामक बयान दिए थे। क्रेमलिन ने उन आरोपों को भी खारिज किया, जिनमें रूस के अमेरिकी चुनावों में हस्तक्षेप का दावा किया गया था।

भारत में मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर लिखा, ‘कांग्रेस की ओर से हम डोनाल्ड ट्रंप को उनकी चुनावी जीत के लिए बहुत-बहुत बधाई। भारत और अमेरिका के बीच एक मजबूत व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है, जो लंबे समय से साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, संरेखित हितों और व्यापक लोगों के बीच संबंधों पर आधारित है। हम वैश्विक शांति और समृद्धि के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हैं।’