गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

हरित ऊर्जा में मध्यप्रदेश की बड़ी छलांग, नीमच और शाजापुर को मिली 950 मेगावॉट सौर ऊर्जा परियोजनाओं की सौगात,

मध्यप्रदेश ने स्वच्छ और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए सोमवार को नीमच और शाजापुर में कुल 950 मेगावॉट क्षमता की दो बड़ी सौर ऊर्जा परियोजनाओं का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी के साथ नीमच में 500 मेगावॉट तथा शाजापुर में 450 मेगावॉट क्षमता वाले सोलर पार्क राष्ट्र को समर्पित किए।इस अवसर पर 1,553.98 करोड़ रुपये की लागत वाली औद्योगिक इकाइयों एवं विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी किया गया। साथ ही नीमच जिले में लगभग 160 करोड़ रुपये की लागत से 98 विकास कार्यों की शुरुआत की गई। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से निवेश को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश को हरित विकास और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नीमच अब केवल कृषि क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ग्रीन एनर्जी और औद्योगिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में पहले से 675 मेगावॉट क्षमता की सौर परियोजनाएं संचालित हैं, जबकि करीब 1,952 मेगावॉट की अतिरिक्त परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि नीमच सोलर पार्क से लगभग 2.14 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली उपलब्ध होगी, जिसे देश में सबसे कम सौर ऊर्जा टैरिफ में शामिल माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार के साथ प्रदेश में उद्योगों, किसानों और आम उपभोक्ताओं को भी दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए सरकार की विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि किसानों को गेहूं का भुगतान 2,625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किया गया है तथा प्रदेश में सिंचाई के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। शून्य ब्याज पर कृषि ऋण और लचीली पुनर्भुगतान व्यवस्था भी किसानों को राहत प्रदान कर रही है।केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि मध्यप्रदेश तेजी से देश का ग्रीन एनर्जी हब बन रहा है। उन्होंने सौर ऊर्जा उत्पादन में प्रदेश की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि नीमच और शाजापुर की परियोजनाएं भारत के स्वच्छ ऊर्जा मिशन को नई मजबूती देंगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पंप स्टोरेज, सोलर मैन्युफैक्चरिंग और ऊर्जा भंडारण जैसी आधुनिक परियोजनाओं पर भी तेजी से कार्य हो रहा है।सरकार के अनुसार प्रदेश में अब तक 12 हजार मेगावॉट से अधिक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता स्थापित की जा चुकी है। रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर पार्क, ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट और मक्सी में प्रस्तावित 6 गीगावॉट सोलर विनिर्माण इकाई जैसी परियोजनाएं मध्यप्रदेश को हरित ऊर्जा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिला रही हैं।कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *