मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के छोला क्षेत्र स्थित जन आस्था के केंद्र प्राचीन खेड़ापति हनुमान मंदिर भी पहुंचे, जहां उन्होंने हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की। इस अवसर पर खेल एवं सहकारिता मंत्री श्री विश्वास सारंग ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया तथा उन्हें गदा भेंट कर सम्मानित किया।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं से संवाद कर उन्हें हनुमान जयंती की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मंदिर परिसर में भंडारे और प्रसाद वितरण का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे, जिन्होंने भक्तिभाव से भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना की और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। इस दौरान वातावरण भक्ति गीतों और जयकारों से गूंज उठा, जिससे पूरे परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस पावन पर्व को आपसी प्रेम, सद्भाव और अनुशासन के साथ मनाएं तथा समाज में सकारात्मकता का संदेश फैलाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करते हैं और समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं।कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों एवं मंदिर समिति के सदस्यों द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं।