
मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और मध्यप्रदेश भी निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के 12 वर्षों के सफल एवं स्वर्णिम कार्यकाल के लिए उनका अभिनंदन करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर कार्य कर रही है।शुजालपुर में आयोजित “कॉलेज चलो अभियान” तथा प्रदेश के महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 388 करोड़ रुपये की लागत से 43 विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया। साथ ही 70 करोड़ रुपये की लागत से आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं चिकित्सालय तथा 14.37 करोड़ रुपये की लागत से 50 बिस्तरीय आयुष चिकित्सालय का भूमि-पूजन भी किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के गठन के समय प्रदेश में मात्र पांच मेडिकल कॉलेज थे, जबकि वर्तमान सरकार ने बीते दो वर्षों में सात नए मेडिकल कॉलेजों की सौगात प्रदेशवासियों को दी है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक विस्तार किया जाएगा।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 122 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित माँ शारदा सांदीपनि विद्यालय, महाराणा प्रताप सांदीपनि विद्यालय, मिहिर भोज सांदीपनि विद्यालय एवं राजा भोज सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण किया। इसके अतिरिक्त 14.58 करोड़ रुपये की लागत से चार नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण भी संपन्न हुआ।
गेहूं खरीदी में बना नया रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई क्षेत्र का विस्तार हुआ है और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इस वर्ष किसानों से 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा गया है तथा प्रदेश ने गेहूं खरीदी का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि सरकार किसान कल्याण वर्ष की सभी घोषणाओं को पूरा करने के लिए संकल्पित है।
25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देशभर में 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने में सफलता मिली है। प्रदेश सरकार भी गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है।
आयुर्वेदिक शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा विस्तार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री Inder Singh Parmar ने कहा कि शाजापुर जिले को शिक्षा और आयुष क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में नए आयुर्वेदिक महाविद्यालय स्थापित करने की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है तथा उज्जैन में शासकीय होम्योपैथिक महाविद्यालय भी प्रारंभ किया जाएगा।
शुजालपुर के लिए मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुजालपुर क्षेत्र के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जिनमें शामिल हैं:
- पुलिस चौकी शुजालपुर से भीलखेड़ी, मेहरखेड़ी और कालापीपल तक दो-लेन सड़क निर्माण।
- शाजापुर बायपास-आष्टा रोड से पचोर रोड तक शुजालपुर बायपास का निर्माण।
- अकोदिया में नवीन महाविद्यालय की स्थापना।
- गौलाना में बायपास सड़क निर्माण।
- गौलाना को नगर पंचायत का दर्जा।
- शुजालपुर में सुरक्षा कर्मियों के लिए पुलिस आवास निर्माण।
- शुजालपुर थाना मंडी में 50 अतिरिक्त पुलिस बल की स्वीकृति।
जनता ने किया भव्य स्वागत
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय से लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबा रोड शो किया। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा 50 से अधिक स्वागत मंच बनाए गए थे, जहां पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने भी जनता का अभिवादन स्वीकार करते हुए उन पर पुष्पवर्षा की और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में सांसद Mahendra Singh Solanki, प्रभारी मंत्री Narayan Singh Kushwaha, विधायक श्री घनश्याम चंद्रवंशी, श्री अरुण भीमावद, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमराज सिसोदिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।