भोपाल। कोतवाली थाना क्षेत्र के लोहा बाजार और लखेरा बाजार में गुरुवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब व्यापारियों ने एक बुर्का पहनी महिला को दुकानों के सामने मांस के टुकड़े डालने के आरोप में रोक लिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला और व्यापारियों के बीच तीखी बहस दिखाई दे रही है।वीडियो में महिला के हाथों में दस्ताने नजर आते हैं, जिन पर लाल रंग के धब्बे दिख रहे हैं। व्यापारी इन्हें मांस का खून बताते हुए आपत्ति जता रहे हैं। बातचीत के दौरान महिला से एक सामाजिक संस्था के संबंध में पूछा गया, जिस पर उसने खुद को संस्था से जुड़ा बताते हुए कहा कि वह क्षेत्र में कुत्तों को भोजन कराने आई थी।घटना के बाद Shri Hindu Utsav Samiti के पदाधिकारी और स्थानीय व्यापारी कोतवाली थाने पहुंचे। समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी और वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल चौधरी के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपकर संबंधित महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में जैन मंदिर और शिव मंदिर स्थित हैं, जहां श्रद्धालुओं की नियमित आवाजाही रहती है।कुछ व्यापारियों ने आरोप लगाया कि पिछले एक-दो महीनों से बाजार और आसपास के मंदिरों के पास मांस के टुकड़े डाले जा रहे थे, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं और अस्वच्छता फैल रही है। उनका दावा है कि महिला को पूर्व में समझाइश दी गई थी, बावजूद इसके यह गतिविधि जारी रही।घटना के दौरान पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दिए जाने की बात भी सामने आई है। मौके पर भीड़ जुटने से विवाद बढ़ गया। महिला ने कहा कि वह प्रतिदिन इलाके में कुत्तों को भोजन कराती है और उसी उद्देश्य से मांस लाई थी। उसने भविष्य में सावधानी बरतने की बात भी कही।कोतवाली थाना प्रभारी काशीराम कुशवाह ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।