भोपाल। राज्यपाल एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य संरक्षक श्री मंगुभाई पटेल की अध्यक्षता में शनिवार को लोकभवन में विश्व स्कार्फ दिवस मनाया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के प्रदेश पदाधिकारियों को संगठन की प्रतिज्ञा दिलाई तथा सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।कार्यक्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के पदाधिकारियों ने राज्यपाल श्री पटेल को स्काउट एवं गाइड का स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया तथा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट किया।इस अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के अतिरिक्त मुख्य आयुक्त श्री राजीव जैन, राज्य सचिव श्री धीरेन्द्र मिश्रा, संयुक्त राज्य सचिव श्रीमती जानकी सिंह तथा राज्य प्रशिक्षण आयुक्त श्री बी.एल. शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष 1 अगस्त को विश्वभर में स्काउट एवं गाइड विश्व स्कार्फ दिवस मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य स्काउट एवं गाइड आंदोलन के मूल्यों, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता तथा विश्व बंधुत्व के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स में राज्यपाल राज्य संरक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।