मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज के विद्यार्थी देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माता हैं। लोकतांत्रिक मूल्यों को समझना, उन्हें जीवन में अपनाना और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाना प्रत्येक जागरूक नागरिक की पहचान है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को लोकतांत्रिक संस्थाओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है तथा विधानसभा लोकतंत्र, शासन व्यवस्था और संसदीय परंपराओं को समझने का सर्वोत्तम विद्यालय है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को मध्यप्रदेश विधानसभा स्थित समिति कक्ष क्रमांक-1 में विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही देखने आए विद्यार्थियों से संवाद कर रहे थे। इस अवसर पर आगर-मालवा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 50 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों तथा जबलपुर के स्टेम फील्ड इंटरनेशनल स्कूल के 40 विद्यार्थियों ने उनसे सौजन्य भेंट की।संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से विधानसभा भ्रमण के अनुभव साझा करने को कहा। विद्यार्थियों ने बताया कि पहली बार विधानसभा की कार्यवाही को प्रत्यक्ष रूप से देखने और संसदीय लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक रहा।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, सृजनशीलता और नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के विकास में युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा, नवाचार और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर आगर से विधायक श्री माधव सिंह (मधु गहलोत) तथा जबलपुर कैंट से विधायक श्री अशोक रोहाणी के मार्गदर्शन में भोपाल पहुंचे विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को अपने हाथों से तैयार किए गए विभिन्न मॉडल और आकर्षक सीनरीज़ भेंट कर सम्मान व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और कौशल की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।