गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने सांची में पुनर्विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशन का किया लोकार्पण, कहा— आधुनिक भारत की नई पहचान बन रहे हैं अमृत भारत स्टेशन,

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर में पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों के वर्चुअल लोकार्पण के अवसर पर सांची रेलवे स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने पुनर्विकसित सांची रेलवे स्टेशन को आधुनिक भारत की प्रगति, सांस्कृतिक विरासत और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित अधोसंरचना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल है। यह योजना केवल रेलवे स्टेशनों के पुनर्निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें आधुनिक, स्वच्छ, यात्री-अनुकूल, तकनीकी रूप से उन्नत तथा स्थानीय सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने का व्यापक प्रयास है। उन्होंने कहा कि देशभर में विकसित किए जा रहे अमृत भारत स्टेशन भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित यात्रा का अनुभव प्राप्त होगा।राज्यपाल ने विशेष रूप से सांची रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की सराहना करते हुए कहा कि स्टेशन की वास्तुकला और डिजाइन में विश्वविख्यात सांची स्तूप सहित क्षेत्र की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और स्थापत्य विरासत को आकर्षक रूप से समाहित किया गया है। इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को सांची की समृद्ध बौद्ध धरोहर की झलक रेलवे स्टेशन पर ही प्राप्त होगी।उन्होंने कहा कि सांची रेलवे स्टेशन को आगामी 40 से 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। स्टेशन पर विशाल प्रतीक्षालय, आधुनिक सर्कुलेटिंग एरिया, उन्नत ट्रेन सूचना एवं कोच गाइडेंस प्रणाली, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, चौड़े फुट ओवर ब्रिज तथा यात्रियों की सुविधा के अनुरूप आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे स्टेशन विकसित भारत के आत्मविश्वास, तकनीकी प्रगति और समावेशी विकास के प्रतीक हैं।कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने पुनर्विकसित सांची रेलवे स्टेशन की लोकार्पण पट्टिका का अनावरण किया। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।

\

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती सावित्री ठाकुर ने कहा कि सांची विश्व धरोहर स्थल के रूप में अंतरराष्ट्रीय पहचान रखता है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशन के आधुनिकीकरण से पर्यटन को नई गति मिलेगी तथा रेल यातायात की सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक रेलवे अधोसंरचना स्थानीय विकास और रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी।क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि पुनर्विकसित सांची रेलवे स्टेशन नगरवासियों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्टेशन का आधुनिकीकरण क्षेत्र के पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा तथा सांची की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सुदृढ़ करेगा।कार्यक्रम में विधायक श्री सुरेंद्र पटवा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा, कलेक्टर श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ और उपस्थित लोगों ने अमृत भारत स्टेशन योजना को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *