सड़क हादसों में बढ़ोतरी को देखते हुए मध्यप्रदेश ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी भोपाल समेत सभी जिलों में विशेष अभियान शुरू किया है। यह अभियान 8 से 22 सितंबर तक चलेगा। अभियान के तहत तेज रफ्तार, बिना हेलमेट व सीट बेल्ट वाहन चलाने, नाबालिग ड्राइविंग, मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइव करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही राहवीर योजना और हिट एंड रन पीड़ित प्रतिकर योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। साथ ही कैशलेस उपचार योजना का भी व्यापक प्रचार किया जाएगा, ताकि दुर्घटना के बाद तुरंत इलाज उपलब्ध हो सके।