गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

महंगाई और बढ़ती ईंधन कीमतों के विरोध में बहुजन मुक्ति पार्टी का भोपाल में जोरदार प्रदर्शन,

बहुजन मुक्ति पार्टी (BMP) द्वारा केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों एवं बढ़ती महंगाई के विरोध में राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तीसरे चरण के तहत राजधानी भोपाल में जिला अधिकारी कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया गया। आंदोलन का मुख्य केंद्र बोर्ड ऑफिस चौराहा रहा, जहाँ पार्टी कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस तथा अन्य आवश्यक ईंधनों की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शन के दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के माध्यम से केंद्र सरकार को ज्ञापन सौंपते हुए महंगाई पर नियंत्रण के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने ईंधन एवं रसोई गैस पर लगाए गए करों में कमी करने तथा गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को राहत प्रदान करने के लिए विशेष पैकेज की घोषणा की मांग की।इस अवसर पर बहुजन मुक्ति पार्टी की जिला प्रभारी अमर गज़भजिए एवं विजय वानखेडे ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों में बढ़ती महंगाई आम जनता के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल स्थानीय स्तर का विरोध नहीं, बल्कि देशभर में बढ़ती महंगाई और आर्थिक दबाव के खिलाफ जनभावनाओं की अभिव्यक्ति है।पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों का सीधा प्रभाव आम नागरिकों की दैनिक जरूरतों पर पड़ रहा है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि बहुजन मुक्ति पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। हालांकि समय-समय पर हुई नारेबाजी और प्रदर्शन के कारण क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहा। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।बहुजन मुक्ति पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो आगामी दिनों में आंदोलन को और व्यापक एवं तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान उपस्थित कई स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़ती महंगाई के प्रति अपनी चिंता व्यक्त करते हुए आंदोलन को समर्थन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *