Madhya Pradesh — नौतपा शुरू होने से पहले ही प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में आ गया है। उत्तरी और मध्य मध्यप्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है और दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखा जा रहा है।मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 42 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। बुंदेलखंड क्षेत्र के Tikamgarh, Chhatarpur और Panna में गंभीर स्थिति को देखते हुए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं ग्वालियर-चंबल, सागर और रीवा संभाग के कई जिलों में तेज लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।शुक्रवार को Nowgong (Chhatarpur) में अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। इसके अलावा खजुराहो में 46.4 डिग्री, टीकमगढ़ और सतना में 44.5 डिग्री, दतिया में 44.4 डिग्री तथा दमोह और नरसिंहपुर में 44.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।प्रमुख शहरों की बात करें तो जबलपुर में 44 डिग्री, ग्वालियर में 43.7 डिग्री, भोपाल में 42.2 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और इंदौर में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण दोपहर के समय बाजार और सड़कें लगभग खाली नजर आ रही हैं।मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। 25 मई से शुरू हो रहे नौतपा के दौरान तापमान और अधिक बढ़ने की आशंका जताई गई है। 31 मई तक गर्मी अपने चरम पर पहुंच सकती है।मौसम वैज्ञानिक एच.एस. पांडे ने बताया कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच लू का प्रभाव सबसे अधिक रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें, पर्याप्त पानी पिएं, हल्के सूती कपड़े पहनें और बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।