
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश आज प्रगति पथ पर तेज़ी से अग्रसर है। रिफार्म, परफार्म और ट्रांसफार्म के विज़न को आत्मसात कर प्रदेश नई ऊँचाइयों को छू रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश अपनी युवा शक्ति, प्राकृतिक संसाधनों और उद्योग हितैषी नीतियों के दम पर भारत के मानचित्र पर निवेश का ड्रीम डेस्टिनेशन बनने जा रहा है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को कोलकाता में आयोजित मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों पर इंटरैक्टिव सत्र में निवेशकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल उद्योगों की स्थापना तक सीमित नहीं है, बल्कि उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर निवेशकों को दीर्घकालिक भरोसा दिलाना है। यही भरोसा भविष्य में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि अपार निवेश से ही प्रदेश में समृद्ध परिवेश का निर्माण संभव है। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, युवाओं की प्रतिभा को मंच मिलेगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था और मज़बूत होगी। उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि मध्यप्रदेश सरकार प्रत्येक निवेशक के साथ एक सहयोगी के रूप में खड़ी है और उद्योग स्थापना से लेकर उत्पादन तक हर स्तर पर उन्हें आवश्यक सुविधा और सहयोग उपलब्ध कराएगी।डॉ. यादव ने इस अवसर पर प्रदेश की उपलब्धियों और संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश देश का “हार्ट ऑफ इंडिया” है और यहाँ सड़क, रेल और हवाई नेटवर्क के माध्यम से उत्कृष्ट कनेक्टिविटी उपलब्ध है। प्रदेश में लगातार विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र, लॉजिस्टिक हब, स्मार्ट सिटी और विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) निवेशकों को बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही में उद्योगों के लिए कई नीतिगत सुधार किए हैं। इनमें सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम, आसान भूमि उपलब्धता, कर संबंधी रियायतें और निवेशकों की ज़रूरत के अनुरूप कस्टमाइज्ड पैकेज शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश कृषि उत्पादन, खनिज संसाधन, पर्यटन, ऊर्जा और आईटी जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाओं से भरा हुआ है।डॉ. यादव ने निवेशकों को मध्यप्रदेश में आमंत्रित करते हुए कहा कि यहाँ आकर वे न केवल अपने उद्योगों को मज़बूती देंगे बल्कि प्रदेश की प्रगति में भी भागीदार बनेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कोलकाता जैसे औद्योगिक नगरों से आने वाला निवेश मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था में नई ऊर्जा का संचार करेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के संकल्प को साकार करने में मध्यप्रदेश भी अपनी निर्णायक भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि रिफार्म, परफार्म और ट्रांसफार्म की राह पर चलते हुए मध्यप्रदेश निश्चित ही देश और दुनिया में निवेश का पसंदीदा गंतव्य बनेगा।