गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा में 500 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की दी सौगात, किसानों और श्रमिकों के कल्याण पर जोर,

छिंदवाड़ा, मार्च 2026 — डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के साथ-साथ मध्य प्रदेश भी तेजी से विकास की दिशा में अग्रसर है। राज्य सरकार गरीब, किसान, महिला और युवा सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि “हमारे लिए सीमा पर जवान और खेतों में किसान, दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।”मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के किसानों को वर्षभर में 12 हजार रुपए की सम्मान निधि प्रदान की जा रही है, जबकि लाड़ली बहनों को हर माह 1500 रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। किसानों की समृद्धि को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने किसानों को फसल उत्पादन के साथ पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़कर आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा जिले को 500 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 105 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 133 करोड़ रुपए की लागत से तामिया-जुन्नारदेव सड़क निर्माण, नल-जल योजनाएं, पुलिस आवास, विद्यालय भवन, छात्रावास सहित विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाएं शामिल हैं। साथ ही छिंदवाड़ा विश्वविद्यालय के लिए नए भवन निर्माण की घोषणा भी की गई।मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से 7008 श्रमिकों के खातों में संबल योजना के तहत 157 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की। इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के 55 लाख से अधिक हितग्राहियों को 463 करोड़ रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं हितलाभ भी वितरित किए गए।

चैत्र नवरात्रि की महाअष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं कन्या पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रदेशवासियों को महाअष्टमी एवं श्रीराम नवमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि छिंदवाड़ा को लगभग 500 करोड़ और पांढुर्णा को 350 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जामसांवली में श्री हनुमान लोक का लोकार्पण क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन विकास को नई दिशा देगा। उन्होंने चित्रकूट को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने और श्रीराम गमन पथ परियोजना पर कार्य जारी रहने की जानकारी दी।इस अवसर पर सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने बताया कि छिंदवाड़ा के जनजातीय क्षेत्रों में 84 उप-स्वास्थ्य केंद्रों की स्वीकृति दी गई है और क्षेत्र में औद्योगिक विकास के साथ शिक्षा एवं आधारभूत संरचना को भी मजबूती मिल रही है।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *