गुरुवार और शुक्रवार को होने वाली बैठक में जिला अध्यक्षों के नाम को लेकर निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ मंथन किया जाएगा। इसके बाद जिला अध्यक्षों के नाम पर की घोषणा की जाएगी। पार्टी ने जिला अध्यक्षों के नाम को लेकर सांसद, विधायक, मंत्री और वरिष्ठ नेताओं के साथ रायशुमारी कर पैनल तैयार किया है। तीन से पांच नामों का पैनल प्रदेश चुनाव अधिकारी को सौंपा गया है। इन नामों पर केंद्रीय पर्यवेक्षक सरोज पांडेय, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद और प्रदेश निर्वाचन अधिकारी विवेक नारायण शेजवलकर मंथन कर नाम फाइनल करेंगे।

चुनाव की तैयारी तेजी से चल रही है। ऐसे में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया भी 15 जनवरी तक पूरी कर ली जाएगी। यानी भाजपा को इस तारीख तक प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। इसके लिए कई वरिष्ठ नेताओं के नाम चर्चा में हैं। इसमें पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा, अरविंद भदौरिया के नाम शामिल हैं। इसके अलावा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, सुमेर सिंह सोलंकी का नाम भी प्रदेश अध्यक्ष की रेस में है।