
भारतीय क्रिकेट टीम सितंबर में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। बीसीसीआई और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने संयुक्त रूप से सीरीज का ऐलान किया है। तीनों मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर, दूसरा 15 सितंबर और तीसरा टी20 17 सितंबर को होगा। यानी भारत और अफगानिस्तान के बीच पूरी सीरीज महज पांच दिनों के भीतर समाप्त हो जाएगी।
तीनों मैचों का शेड्यूल
| मुकाबला | तारीख | स्थान |
|---|---|---|
| पहला टी20 | 13 सितंबर | अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम, दिल्ली |
| दूसरा टी20 | 15 सितंबर | अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम, दिल्ली |
| तीसरा टी20 | 17 सितंबर | अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम, दिल्ली |
भारत-अफगानिस्तान सीरीज के कार्यक्रम के सामने आने के बाद सितंबर में भारत और बांग्लादेश के बीच प्रस्तावित सफेद गेंद की सीरीज की संभावनाओं को बड़ा झटका लगा है। दोनों देशों के बीच पिछली द्विपक्षीय सीरीज बांग्लादेश में राजनीतिक परिस्थितियों के कारण टल गई थी।इसके बाद बांग्लादेश ने सितंबर में भारत के खिलाफ सीरीज आयोजित करने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन अब भारतीय टीम का सितंबर कार्यक्रम अफगानिस्तान के खिलाफ तय हो गया है। ऐसे में फिलहाल बांग्लादेश के साथ उस सीरीज की संभावना काफी कम होती दिखाई दे रही है।बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने कहा कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड अफगानिस्तान में क्रिकेट के विकास को समर्थन देने और वहां के खिलाड़ियों को उच्च स्तर पर खेलने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नियमित द्विपक्षीय क्रिकेट से टीमों को मजबूत विपक्ष के खिलाफ खेलने और जरूरी अनुभव हासिल करने का मौका मिलता है।बीसीसीआई के मानद सचिव देवजीत सैकिया ने भी दोनों देशों के बीच बढ़ते क्रिकेट संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत और अफगानिस्तान के बीच पिछले कुछ वर्षों में नियमित रूप से मुकाबले होते रहे हैं। भारत ने 2018 में अफगानिस्तान के ऐतिहासिक पहले टेस्ट की मेजबानी भी की थी।
भारत और अफगानिस्तान के बीच क्रिकेट संबंध लगातार मजबूत हुए हैं। दोनों टीमों के बीच जून 2026 में तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेली गई थी। इससे पहले जनवरी 2024 में तीन मैचों की टी20 सीरीज हुई थी।सितंबर में होने वाली आगामी टी20 सीरीज के साथ भारत और अफगानिस्तान तीनों प्रारूपों में एक-दूसरे के खिलाफ नियमित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके होंगेभारत-अफगानिस्तान की यह टी20 सीरीज न सिर्फ दोनों टीमों के लिए अहम होगी, बल्कि दिल्ली के क्रिकेट प्रशंसकों को भी लगातार पांच दिनों के भीतर तीन अंतरराष्ट्रीय मुकाबले देखने का मौका देगी।