राजधानी भोपाल में रविवार को निजी होटल में आयोजित क्रिएटर्स समिट-2025 में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स की भूमिका को सशक्त बनाना और उन्हें सामाजिक विकास में योगदान के लिए प्रेरित करना था।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर कहा कि आज का युग डिजिटल युग है, जहां सूचनाओं और घटनाओं का प्रसार तेजी से होता है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की ताकत अपार है और कंटेंट क्रिएटर्स समाज में विचार निर्माण की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। “आप लोग जो भी कंटेंट वायरल करेंगे, वही समाज तक पहुंचेगा। इसलिए अपने प्रभाव और ताकत का उपयोग समाजहित में करना ही सच्ची सेवा है,” उन्होंने कहा।डॉ. यादव ने क्रिएटर्स को अपने दायित्व को समझने और अपनी रचनात्मक ऊर्जा को समाज एवं देश के विकास में लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स सरकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं। “हमारी सरकार सोशल मीडिया के जरिए पब्लिक नेटवर्किंग को बढ़ावा दे रही है ताकि योजनाओं और नीतियों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके,” उन्होंने जोड़ा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि मध्यप्रदेश में अब स्टेट क्रिएटर्स अवार्ड्स की शुरुआत की जाएगी। इस पुरस्कार की रूपरेखा जल्द तैयार की जाएगी, ताकि सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले क्रिएटर्स को सम्मानित किया जा सके।मुख्यमंत्री ने यह भरोसा भी दिलाया कि सरकार क्रिएटर्स को सभी आवश्यक सहायता और सुविधाएं प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और सकारात्मक संवाद स्थापित करने में क्रिएटर्स का योगदान प्रदेश को नई दिशा दे सकता है।क्रिएटर्स समिट-2025 के दौरान कई चर्चाएं, वर्कशॉप्स और इंटरैक्टिव सेशन्स भी आयोजित हुए। इनमें डिजिटल कंटेंट क्रिएशन, फेक न्यूज की रोकथाम, और जिम्मेदार सोशल मीडिया उपयोग जैसे विषय शामिल रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रदेशभर के युवा इन्फ्लुएंसर्स, ब्लॉगर और कंटेंट क्रिएटर्स मौजूद रहे।