गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

भोपाल नगर निगम के नवीन “अटल भवन” का लोकार्पण,

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजधानी भोपाल वासियों को नगर निगम के नवीन मुख्यालय “अटल भवन” की सौगात देते हुए कहा कि यह भवन केवल एक प्रशासनिक परिसर नहीं, बल्कि सुशासन, पारदर्शिता और आधुनिक नागरिक सुविधाओं का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित राजधानी भोपाल को नई पहचान देने वाला यह भवन नागरिक सेवाओं को अधिक सरल, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल नगर पालिक निगम के नवनिर्मित मुख्यालय “अटल भवन” के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने जनसेवा को शासन का आधार माना था और उन्हीं के नाम पर निर्मित यह भवन नागरिकों को पारदर्शी एवं सुलभ सेवाएं प्रदान करने का केंद्र बनेगा।मुख्यमंत्री ने भवन का फीता काटकर लोकार्पण किया तथा शिलापट्टिका का अनावरण भी किया। उन्होंने भवन का अवलोकन करते हुए इसकी आधुनिक व्यवस्थाओं और वास्तु संरचना की सराहना की। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता शपथ पटल पर संदेश लिखा – “भोपाल रहेगा स्वच्छता में नंबर-वन”।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल नगर निगम द्वारा नीमच जिले के देवरी गांव में लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से विकसित 10.5 मेगावॉट की सौर ऊर्जा परियोजना का भी रिमोट के माध्यम से लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है।मुख्यमंत्री ने कहा कि “अटल भवन” ग्रीन बिल्डिंग कॉन्सेप्ट पर आधारित है। भवन को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यहां प्राकृतिक प्रकाश और वेंटिलेशन की पर्याप्त व्यवस्था रहे। उन्होंने बताया कि भवन अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति स्वयं करेगा और परिसर में सौर ऊर्जा संयंत्र भी स्थापित किया जा रहा है। नीमच स्थित सौर संयंत्र से ओपन एक्सेस के माध्यम से भवन को बिजली आपूर्ति की जाएगी।उन्होंने कहा कि राजधानी भोपाल को मेट्रोपॉलिटिन सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। रायसेन, सीहोर, विदिशा और राजगढ़ को भोपाल से जोड़ते हुए विकास का नया क्षेत्र तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में नगरीय निकाय शासन प्रणाली का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और जनता की भावनाओं को अभिव्यक्ति देने का सशक्त माध्यम भी।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश में सकारात्मक परिवर्तन का दौर चल रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर निर्माण, धारा 370 हटाने, नारी शक्ति वंदन अधिनियम और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े फैसलों ने देशवासियों का आत्मविश्वास बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर नई पहचान बना रहा है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सफाई मित्रों को पीपीई किट भी वितरित की। इन किटों में रेनकोट, फुल बॉडी ड्रेस, हेलमेट, ग्लव्स, मास्क और रिफ्लेक्शन जैकेट शामिल हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को आवंटन पत्र एवं मकान की चाबियां सौंपी गईं। पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को ऋण राशि के चेक भी वितरित किए गए।





भोपाल के प्रभारी एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 73 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस भवन में नगर निगम के सभी विभाग एक ही छत के नीचे संचालित होंगे, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी।भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए नगर निगम की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि लगभग 2 लाख वर्गफुट क्षेत्र में निर्मित यह भवन भू-तल सहित आठ मंजिलों में विकसित किया गया है और इसमें आधुनिक तकनीक एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।कार्यक्रम में मंत्रीगण, विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *