
मध्य प्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं ने देश और प्रदेश के जनजातीय समुदाय के जीवन को बदलने का काम किया है। इन योजनाओं के माध्यम से आवास, आरोग्य (स्वास्थ्य) और जन कल्याण के क्षेत्र में बेहद प्रभावी और ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। राज्यपाल ने कार्यक्रम में जनजातीय लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक लोक नृत्य और गीतों की सराहना करते हुए इन्हें क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक बताया।राज्यपाल श्री पटेल गुरुवार को पांढुर्णा जिले के ग्राम आमला में आयोजित जनजातीय समुदाय से संवाद कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। अपने प्रवास के दौरान राज्यपाल ने अत्यंत सादगी का परिचय देते हुए ग्राम खुटामा में ‘प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना’ के हितग्राही श्री राजू धुर्वे के घर पहुंचकर बेहद आत्मीय माहौल में भोजन भी कियाआमजन को संबोधित करते हुए राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना देश के हर नागरिक को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने वाली एक अभूतपूर्व योजना है, जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज में गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को बहुत बड़ी राहत मिल रही है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि अब इस योजना का दायरा बढ़ाकर 70 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक बुजुर्ग को भी मुफ़्त इलाज का लाभ दिया जा रहा है।राज्यपाल ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि दौरों के दौरान जब लोग उन्हें बताते हैं कि कैसे ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ ने उनके पक्के घर का सपना सच किया, तो बेहद खुशी होती है। इसके साथ ही उन्होंने मध्य प्रदेश में सिकल सेल एनीमिया बीमारी की जांच और इसके उपचार के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे विशेष प्रयासों की भी सराहना की।

मानव स्वास्थ्य के लिए संजीवनी है प्राकृतिक खेती
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कृषि में रसायनों के बढ़ते उपयोग पर चिंता जताते हुए किसानों द्वारा उत्पादित प्राकृतिक एवं जैविक (ऑर्गेनिक) उत्पादों को मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी और लाभकारी बताया। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे अपनी और समाज की सेहत सुधारने के लिए प्राकृतिक खेती को तेजी से अपनाएं।ग्राम पंचायत आमला में किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा लगाए गए प्राकृतिक जैविक उत्पादों के स्टॉल का अवलोकन करते हुए राज्यपाल ने प्रगतिशील किसानों से सीधा संवाद किया। उन्होंने ग्राम भूम्मा के कृषक श्री मटरूलाल डोंगरे से उनके द्वारा उत्पादित जैविक हल्दी व जैविक तुअर दाल और सौसर के कृषक श्री मोरेश्वर दानवे से उनके द्वारा उपजाए गए 'शुगर फ्री जैविक काला आलू' तथा 'प्राकृतिक सोना मोती गेहूं' की विशेषताओं की जानकारी ली और उनकी सराहना की।
गोंडी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति और हितलाभ का वितरण
कार्यक्रम में सांदीपनि विद्यालय सौंसर के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत गाकर राज्यपाल का अभिनंदन किया, जबकि शासकीय हाईस्कूल आमला के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक पारंपरिक 'गोंडी नृत्य' की प्रस्तुति दी।जामसांवली हनुमान जी की प्रतिमा भेंट कर स्वागत कार्यक्रम की शुरुआत में पांढुर्णा कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने राज्यपाल श्री पटेल को क्षेत्र के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक चमत्कारिक जामसांवली श्री हनुमान मंदिर की भव्य प्रतिमा भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस गौरवमयी अवसर पर क्षेत्रीय सांसद श्री विवेक बंटी साहू, विधायक श्री विजय चौरे, विधायक श्री नीलेश उईके सहित भारी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और जनजातीय समाज के नागरिक उपस्थित रहे।