
इस्लामाबाद: पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने दक्षिण एशियाई और वैश्विक कूटनीति को लेकर कई बड़े और महत्वपूर्ण दावे किए हैं। इस्लामाबाद में आयोजित एक हालिया कार्यक्रम में बोलते हुए डार ने कहा कि बांग्लादेश के साथ पाकिस्तान के द्विपक्षीय रिश्ते तेजी से सुधर रहे हैं और अब ये ‘उत्कृष्ट संबंधों’ के दायरे में आ चुके हैं।विदेश मंत्री ने बांग्लादेश को चीन, अजरबैजान और तुर्की जैसे पाकिस्तान के सदाबहार मित्र देशों के रणनीतिक गठबंधन (अंतर-क्षेत्रीय गठबंधन) के समकक्ष रखा है। उन्होंने साफ किया कि पाकिस्तान, बांग्लादेश की तारिक रहमान सरकार के साथ लगातार संपर्क में है और ढाका को अपनी यूरेशियाई रणनीति का एक बेहद अहम हिस्सा मानता है। पाकिस्तान द्वारा प्रमुख द्विपक्षीय साझेदारों में बांग्लादेश को शामिल करना दक्षिण एशियाई भू-राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत है। शेख हसीना के कार्यकाल के दौरान जहां दोनों देशों के बीच दूरियां बनी हुई थीं, वहीं मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार और अब बीएनपी सरकार के आने के बाद इन संबंधों में काफी गर्मजोशी देखी जा रही है।पाकिस्तान इस नए आर्थिक और रणनीतिक जुड़ाव को पूर्वी एशिया, काकेशस और भूमध्यसागरीय क्षेत्रों तक फैले एक मजबूत प्रशासनिक ध्रुव के रूप में देख रहा है। विश्लेषकों का मानना है कि पाकिस्तान इन मजबूत होते क्षेत्रीय गुटों के जरिए इस क्षेत्र में भारत के प्रभाव को संतुलित करने या उसे घेरने की रणनीति पर काम कर रहा है।
अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता का दावा
वैश्विक मंच पर पाकिस्तान की भूमिका को रेखांकित करते हुए विदेश मंत्री इशाक डार ने एक बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने पिछले 47 वर्षों से चले आ रहे राजनयिक गतिरोध को दूर करते हुए अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता में सफलतापूर्वक मध्यस्थता की है। डार के मुताबिक, पाकिस्तान के प्रयासों की वजह से ही वॉशिंगटन और तेहरान के बीच युद्धविराम संभव हो सका, और इस्लामाबाद अब इस संघर्ष के स्थायी समाधान के लिए लगातार कोशिशें कर रहा है।
CPEC का बदला स्वरूप
चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (CPEC) के भविष्य पर बात करते हुए डार ने स्पष्ट किया कि यह परियोजना अब केवल बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) और परिवहन व्यवस्था तक सीमित नहीं है। CPEC ने अब एक व्यापक रूप ले लिया है, जिसके तहत पाकिस्तान और चीन ने मजबूत आर्थिक एकीकरण के साथ-साथ एक दीर्घकालिक कानूनी साझेदारी भी स्थापित कर ली है।