दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजीपी छात्रों एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में चल रहे आंदोलन के समर्थन में मंगलवार से छिंदवाड़ा के अंबेडकर चौक पर समाज सेवियों द्वारा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया गया।धरने का नेतृत्व शिवम् पहाड़े एवं विपिन लोधी (विपिन वर्मा) कर रहे हैं। आंदोलन में शामिल कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक आंदोलन छात्रों की जायज़ मांगों के समर्थन में आयोजित किया गया है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक और ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक धरना अनवरत जारी रहेगा।धरना स्थल पर उपस्थित प्रदर्शनकारियों ने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को स्मरण करते हुए सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया। पूरे दिन धरना शांतिपूर्ण वातावरण में संचालित हुआ तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने भी आंदोलन को अपना समर्थन दिया।आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि यह विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि छात्रों की जायज़ मांगों के समर्थन में लोकतांत्रिक संघर्ष है। उन्होंने शासन-प्रशासन से शीघ्र संवाद स्थापित कर मांगों का समाधान करने की अपील की।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों की लगातार अनदेखी की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखा जाएगा।