पटना। जक्कनपुर थाना क्षेत्र के खास महल इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में गैस रिसाव से लगी आग में झुलसे भाई-बहन की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े आठ बजे पूनम देवी अपने बच्चों के लिए नाश्ता बना रही थीं। इसी दौरान गैस रिसाव के कारण अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग दरवाजे के पास फैल गई, जिससे मां और दोनों बच्चे कमरे के अंदर ही फंस गए।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और तीनों को बाहर निकालकर कंकड़बाग स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।इलाज के दौरान 16 वर्षीय सन्नी कुमार और 14 वर्षीय अंजनी कुमारी ने दम तोड़ दिया। दोनों गंभीर रूप से झुलस गए थे और उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। सन्नी ने हाल ही में मैट्रिक परीक्षा में प्रथम श्रेणी हासिल की थी, जबकि अंजनी आठवीं कक्षा की छात्रा थी।मां पूनम देवी का इलाज अभी भी जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।परिवार मूल रूप से नालंदा जिले के इस्लामपुर का रहने वाला है और पटना में किराए के एक कमरे में रहकर जीवन यापन कर रहा था। पिता ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।घटना के बाद इलाके में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोग भी इस हादसे से गहरे सदमे में हैं और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।