भोपाल, 10 जुलाई 2026।ज्ञान तीर्थ विलायत कलां, कटनी (मध्य प्रदेश) के परम तपस्वी, राष्ट्रभक्त संत त्यागी जी महाराज कालिदास राष्ट्रीय महर्षि ज्योतिष संगोष्ठी में सहभागिता हेतु भोपाल पहुंच गए हैं। यह दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी 11 एवं 12 जुलाई 2026 को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद सभागार, नेहरू नगर, भोपाल में आयोजित की जाएगी।संगोष्ठी में देशभर से प्रतिष्ठित संत, ज्योतिषाचार्य, विद्वान एवं विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक भाग लेंगे। आयोजन समिति द्वारा संत त्यागी जी महाराज को सम्माननीय अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।भोपाल पहुंचने पर संत त्यागी जी महाराज ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति, ज्योतिष एवं अध्यात्म का उद्देश्य मानव जीवन को सही दिशा प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि समाज में ज्ञान, सेवा, संस्कार और राष्ट्रप्रेम की भावना का प्रसार ही वास्तविक लोकमंगल का मार्ग है।ज्ञात हो कि संत त्यागी जी महाराज द्वारा ज्ञान तीर्थ विलायत कलां में भोजन, शिक्षा, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण के अनेक कार्य संचालित किए जा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में “मानव में देवत्व जागरण” का अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है।कालिदास राष्ट्रीय महर्षि ज्योतिष संगोष्ठी के आयोजन को लेकर विद्वानों एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम में भारतीय ज्योतिष, संस्कृति एवं सनातन परंपरा से जुड़े विविध विषयों पर विचार-विमर्श होगा।