भोपाल, 24 मार्च 2026 — राज्य शिक्षा केन्द्र मध्यप्रदेश द्वारा कक्षा 5वीं एवं 8वीं के वार्षिक परीक्षा परिणाम 25 मार्च (बुधवार) को घोषित किए जाएंगे। विद्यार्थी सुबह 11:30 बजे से अपना परिणाम ऑनलाइन देख सकेंगे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया सुबह 11 बजे राज्य शिक्षा केन्द्र कार्यालय में प्रारंभ होगी, जिसके बाद 11:30 बजे परिणाम आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।इस वर्ष कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं बोर्ड पैटर्न पर आयोजित की गई थीं, जो 20 फरवरी से 28 फरवरी 2026 के बीच संपन्न हुईं। इन परीक्षाओं में प्रदेश के शासकीय, अशासकीय विद्यालयों एवं पंजीकृत मदरसों के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।कक्षा 5वीं में 12 लाख 76 हजार से अधिक तथा कक्षा 8वीं में 10 लाख 92 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए। इस प्रकार कुल मिलाकर लगभग 23 लाख 68 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए प्रदेशभर में 322 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे, जहां 1 लाख 10 हजार से अधिक मूल्यांकनकर्ताओं द्वारा कॉपियों का मूल्यांकन किया गया। मूल्यांकन के बाद प्राप्त अंकों की ऑनलाइन प्रविष्टि पोर्टल पर दर्ज की गई, जिससे परिणाम प्रक्रिया को पारदर्शी और त्वरित बनाया जा सका।विद्यार्थी अपना परीक्षा परिणाम आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रोल नंबर या समग्र आईडी के माध्यम से देख सकेंगे। इसके साथ ही अभिभावक एवं शिक्षक भी इसी पोर्टल के माध्यम से परिणाम की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।स्कूलों के प्राचार्य अपने संस्थान का विद्यार्थीवार परिणाम भी ऑनलाइन एक्सेस कर सकेंगे। सुविधा को और सरल बनाने के लिए क्यूआर कोड के माध्यम से भी परिणाम पोर्टल का लिंक उपलब्ध कराया गया है।राज्य शिक्षा केन्द्र ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।