प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में चल रहे महाअभियान के तहत मध्यप्रदेश शासन के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने उप नगर ग्वालियर के वार्ड क्रमांक 5 स्थित आनंद नगर के बड़ा पार्क माता मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम कर स्थानीय नागरिकों से जन चौपाल के माध्यम से सीधा संवाद किया।जन चौपाल के दौरान क्षेत्रवासियों ने जनसुविधाओं से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को मंत्री श्री तोमर के समक्ष रखा। उन्होंने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं सकारात्मक समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर श्री तोमर ने कहा कि जनता का विश्वास और स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है तथा क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जनप्रतिनिधि का सबसे महत्वपूर्ण दायित्व जनता की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण करना है। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास करने तथा जनता की हर जायज मांग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का भरोसा दिलाया।रात्रि विश्राम के उपरांत शुक्रवार सुबह ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने बड़ा पार्क में संचालित जिम का निरीक्षण किया तथा स्थानीय निवासियों से संवाद कर उनका हालचाल जाना। इसके बाद उन्होंने पार्क एवं मंदिर परिसर में झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान में सहभागिता की और स्वच्छता का संदेश दिया।इस दौरान ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने संगठन के राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण भी किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान का संदेश देने वाला एक महत्वपूर्ण जनआंदोलन है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने बड़ा पार्क, आनंद नगर में स्थानीय युवाओं के साथ क्रिकेट खेलकर खेल गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया तथा युवाओं से स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने की अपील की।