मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज रतलाम जिले के आलोट में दो महत्वपूर्ण शैक्षणिक संस्थानों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह दिन रतलाम जिले के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि जिले को दो नई सौगातें मिली हैं — पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय-2 और सांदीपनि विद्यालय भवन।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि आलोट में 38.4 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय-2, छात्रावास तथा स्टाफ क्वार्टरों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। साथ ही, 35.11 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय भवन का भी लोकार्पण किया गया।इस कार्यक्रम में कर्नाटक के राज्यपाल श्री थावरचंद गहलोत एवं केन्द्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान भी उपस्थित रहे।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025 में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने निजी विद्यालयों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है।नीट एवं जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट परिणाम दिए हैं। डॉ. यादव ने यह भी आश्वस्त किया कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़क के निर्माण की घोषणा भी की।