भोपाल।शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर 9,91,900 रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह पर साइबर क्राइम टीम भोपाल ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर ठगों को बेचने का काम करते थे। इन्हीं खातों के माध्यम से देश के कई राज्यों में ऑनलाइन धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया।ठगी की यह वारदात M-Stock ऐप के जरिए की गई, जिसमें निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर पीड़ितों से रकम ट्रांसफर करवाई गई। तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल ट्रेल के आधार पर साइबर क्राइम टीम भोपाल ने आरोपियों तक पहुंच बनाकर उन्हें गिरफ्तार किया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 02 मोबाइल फोन और 02 सिम कार्ड जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया जा रहा था। मामले में क्राइम ब्रांच भोपाल द्वारा अन्य साथियों की तलाश लगातार जारी है।साइबर क्राइम पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे ऑनलाइन निवेश, शेयर ट्रेडिंग ऐप और टास्क फ्रॉड से सतर्क रहें तथा किसी भी अनजान लिंक, ऐप या कॉल के झांसे में न आएं।