शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित, 55 लाख विद्यार्थियों को शाला गणवेश राशि का वितरण,

भोपाल, 5 सितम्बर 2025। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज आर.सी.व्ही.पी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर शासकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के 55 लाख विद्यार्थियों के बैंक खातों में शाला गणवेश हेतु 330 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई।समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि शैक्षणिक संवर्ग के सहायक शिक्षक, उच्च श्रेणी एवं नवीन शैक्षणिक संवर्ग के प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों को क्रमोन्नत योजना प्रभावशील होने से चतुर्थ समयमान वेतनमान के लाभ के समरूप चतुर्थ क्रमोन्नत वेतनमान का लाभ प्रदान किया जाएगा।राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि समय की आवश्यकता है कि शिक्षक सामाजिकचुनौतियों के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं और परिवार एवं समाज का मार्गदर्शन करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने युवाओं के साथ संवाद कर इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।

राज्यपाल ने कहा कि गुरु-शिष्य परंपरा हमारी गौरवशाली संस्कृति की धरोहर है। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के युग की गुरू परंपरा से प्रेरणा लेते हुए बच्चों को संस्कारित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र और समाज के निर्माता हैं, जो भावी पीढ़ी को ज्ञान, कौशल और संस्कार प्रदान कर उनके व्यक्तित्व एवं चरित्र का निर्माण करते हैं।श्री पटेल ने आधुनिक समाज में बढ़ती चुनौतियों, विशेषकर बच्चों की आत्महत्या की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की और शिक्षकों एवं पालकों से अपील की कि वे विद्यार्थियों के प्रति सम्मान और आभार की भावना को जीवनभर बनाए रखने के लिए प्रयास करें। उन्होंने कहा कि यह सम्मान समारोह राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की निष्ठा और समर्पण के प्रति आभार का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *