रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने किया प्यार में होने का कबूलनामा, निजी जिंदगी को लेकर फिर तेज हुईं अटकलें,

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर एक ऐसा बयान दिया है, जिसने अंतरराष्ट्रीय मीडिया और राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। साल के आखिर में आयोजित होने वाले पारंपरिक सवाल-जवाब सत्र और प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान 73 वर्षीय पुतिन ने सार्वजनिक रूप से यह स्वीकार किया कि वह प्यार में हैं। हालांकि उन्होंने अपनी प्रेमिका की पहचान उजागर नहीं की, लेकिन उनके इस छोटे से जवाब ने कई तरह की अटकलों और कयासों को हवा दे दी है।यह बयान उस समय सामने आया जब प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रेजेंटर रेजिना ओरेखोवा ने राष्ट्रपति पुतिन से उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा एक सीधा सवाल किया। रेजिना ओरेखोवा ने पूछा, “आपने आज कहा कि आप मानते हैं कि पहली नजर का प्यार होता है। मिस्टर प्रेसिडेंट, क्या आप प्यार में हैं?” इस सवाल पर पुतिन ने बिना किसी झिझक के “यस (हां)” में जवाब दिया। उनके इस संक्षिप्त उत्तर के बाद हॉल में मौजूद लोग भी कुछ पल के लिए चौंक गए और मीडिया में हलचल मच गई।पुतिन ने यह जरूर माना कि वह प्यार में हैं, लेकिन जब प्रेमिका के नाम या पहचान को लेकर सवाल उठे, तो उन्होंने पूरी तरह चुप्पी साध ली। उन्होंने इस विषय पर कोई अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की। यही वजह है कि अब रूस ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनकी निजी जिंदगी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।पुतिन की निजी जिंदगी हमेशा से ही रहस्यमयी रही है। वह सार्वजनिक मंचों पर अपने परिवार और निजी संबंधों को लेकर बहुत कम बोलते हैं। ऐसे में उनका यह कबूलनामा अपने आप में असामान्य माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बयान भले ही निजी हो, लेकिन एक सशक्त और सख्त छवि वाले नेता के मानवीय पक्ष को भी सामने लाता है।रूस के राष्ट्रपति की वैवाहिक जिंदगी की बात करें तो व्लादिमीर पुतिन की शादी साल 1983 में ल्यूडमिला पुतिना से हुई थी। इस विवाह से उनकी दो बेटियां हैं—मारिया और येकातेरिना। कई वर्षों तक यह परिवार सार्वजनिक कार्यक्रमों में एक साथ नजर आता रहा, लेकिन समय के साथ पुतिन और ल्यूडमिला के रिश्ते में दूरी की खबरें आने लगीं। साल 2008 के आसपास दोनों के अलग होने की चर्चाएं शुरू हुईं और आखिरकार अप्रैल 2014 में पुतिन और ल्यूडमिला के तलाक की आधिकारिक घोषणा कर दी गई।तलाक के बाद पुतिन की निजी जिंदगी को लेकर कई तरह के दावे और अफवाहें सामने आती रहीं। इसी दौरान यह भी कहा गया कि पुतिन की सगाई पूर्व ओलंपिक जिमनास्ट और रूसी सांसद अलीना कबाएवा से हुई है। हालांकि, इन खबरों का कभी आधिकारिक रूप से खंडन किया गया और न ही पुतिन ने खुद इन दावों पर कोई टिप्पणी की।

इसके अलावा, पुतिन का नाम कई अन्य महिलाओं के साथ भी जोड़ा जाता रहा है। इनमें 50 वर्षीय स्वेतलाना क्रिवोनोगिख का नाम प्रमुख रूप से सामने आता है। मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि स्वेतलाना और पुतिन के बीच करीबी संबंध रहे हैं और उनका एक बच्चा भी है, हालांकि इन दावों की कभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। इसी तरह, पूर्व मिस रूस प्रतियोगी अलीसा खारचेवा के साथ भी पुतिन के रिश्ते को लेकर समय-समय पर अपुष्ट खबरें सामने आती रही हैं।पुतिन के प्यार में होने की स्वीकारोक्ति ने एक बार फिर इन सभी पुराने दावों और अफवाहों को चर्चा में ला दिया है। सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं कि आखिर पुतिन की मौजूदा प्रेमिका कौन हो सकती है। कुछ लोग इसे उनकी निजी जिंदगी का स्वाभाविक हिस्सा मान रहे हैं, तो कुछ इसे एक रणनीतिक बयान के तौर पर भी देख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *