राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने एम्स का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा,

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने मंगलवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का भ्रमण किया। इस अवसर पर उन्होंने अस्पताल की चिकित्सा, प्रशासनिक एवं अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया।राज्यपाल श्री पटेल ने एम्स परिसर में विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया तथा उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, उपचार प्रक्रिया और रोगी सेवा से जुड़े कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर अस्पताल के सुचारु संचालन और भविष्य की योजनाओं के बारे में भी चर्चा की। राज्यपाल ने कहा कि एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान आमजन को बेहतर और उन्नत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।भ्रमण के दौरान राज्यपाल श्री पटेल ने अस्पताल में उपचाररत रोगियों एवं उनके परिजनों से आत्मीय संवाद किया और उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने मरीजों से मिल रही चिकित्सा सुविधाओं, डॉक्टरों एवं स्टाफ के व्यवहार के संबंध में भी जानकारी ली। रोगियों एवं उनके परिजनों ने एम्स में मिल रही सुविधाओं और उपचार व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। राज्यपाल ने रोगियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि सरकार एवं प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों।एम्स परिसर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए राज्यपाल श्री पटेल ने उस पीपल के वृक्ष को भी देखा, जिसे उन्होंने स्वयं वर्ष 2022 में रोपा था। पौधे के अच्छे विकास को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और उसे पानी दिया। राज्यपाल ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है।

उल्लेखनीय है कि राज्यपाल श्री पटेल एम्स के प्रत्येक भ्रमण के दौरान अपने द्वारा लगाए गए पीपल के पौधे के रख-रखाव और विकास की जानकारी नियमित रूप से प्राप्त करते रहे हैं। वे समय-समय पर पौधे की स्थिति का अवलोकन करते हैं और स्वयं पानी भी देते रहे हैं। यह उनका पर्यावरण संरक्षण के प्रति गहरा लगाव और जिम्मेदारी को दर्शाता है।राज्यपाल ने कहा कि संस्थानों को चाहिए कि वे हरित परिसर की दिशा में निरंतर प्रयास करें और अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखें। उन्होंने एम्स प्रशासन को रोगी हितैषी सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।राज्यपाल के इस भ्रमण से एम्स के चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं रोगियों में सकारात्मक संदेश गया और संस्थान में सेवा भाव के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *