राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने प्रदेशवासियों को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की दी शुभकामनाएं

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में राज्यपाल ने कहा कि स्थापना दिवस प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर और प्राकृतिक सौंदर्य का उत्सव मनाने का दिन है। यह अवसर हमें अपनी उपलब्धियों पर गर्व करने और आने वाले कल के लिए नए संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति यहाँ के परिश्रमी, सजग और समर्पित नागरिक हैं। आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकता के वातावरण में रहने वाले हमारे लोग मेहनती, जुझारू और सांस्कृतिक रूप से अत्यंत समृद्ध हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने हर चुनौती का डटकर सामना किया है और कठिन परिस्थितियों में भी विकास और प्रगति की दिशा में उल्लेखनीय योगदान दिया है।राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि मध्यप्रदेश ने शिक्षा, कृषि, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। यह सब प्रदेशवासियों के सामूहिक परिश्रम और आत्मविश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास की इस यात्रा को और गतिशील बनाने के लिए सभी नागरिकों को एकजुट होकर कार्य करना होगा।

राज्यपाल श्री पटेल ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य की प्रगति और समृद्धि के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि हमें अपनी प्रतिभा, दक्षता और क्षमता को राष्ट्र निर्माण में निष्ठापूर्वक समर्पित करते हुए “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के निर्माण में योगदान देना चाहिए।राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेज गति से आगे बढ़ रहा है। हमें भी उनके “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी से मध्यप्रदेश निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान को और सुदृढ़ करेगा।राज्यपाल श्री पटेल ने अंत में सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे प्रदेश के गौरव, एकता और समृद्धि के इस पर्व को उत्साह, सद्भाव और नए संकल्पों के साथ मनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *