राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने विधानसभा के विशेष सत्र में ऐतिहासिक चित्र प्रदर्शनी का किया शुभारंभ,

राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने बुधवार को विधानसभा के विशेष सत्र के अवसर पर “मध्यप्रदेश विधानसभा के 1956 से 2025 तक के इतिहास के पल” तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के “अभ्युदय मध्यप्रदेश– विकास और सेवा के दो वर्ष” विषय पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, संसदीय कार्य मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।राज्यपाल श्री पटेल ने विधानसभा के सेंट्रल हॉल में आयोजित प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने प्रदर्शनी के एलबम का लोकार्पण किया तथा प्रदर्शित चित्रों का अवलोकन किया। राज्यपाल ने विधानसभा के सात दशकों की गौरवशाली यात्रा को दर्शाने वाले ऐतिहासिक और दुर्लभ चित्रों के उत्कृष्ट संकलन एवं प्रस्तुतीकरण की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के “अभ्युदय मध्यप्रदेश– विकास और सेवा के दो वर्ष” विषयक चित्र प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।विधानसभा आगमन पर राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल का विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर मंत्रीगण, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश विधानसभा के प्रथम सत्र के 70 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष सत्र का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर विधानसभा के 1956 से 2025 तक के इतिहास से जुड़े 135 दुर्लभ चित्रों की आकर्षक प्रदर्शनी सेंट्रल हॉल में लगाई गई है। साथ ही जनसंपर्क विभाग द्वारा विधानसभा परिसर में 90 पैनलों की विकास प्रदर्शनी भी प्रदर्शित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *