
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि देश के युवाओं में अनंत ऊर्जा और असीम संभावनाएं हैं। युवा ही विकसित भारत के निर्माण के वास्तविक कर्णधार हैं। आप सभी मध्यप्रदेश के प्रतिभावान, जागरूक और सक्षम युवा प्रतिनिधि हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का गौरवपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ है। यह क्षण न केवल आपके लिए, बल्कि संपूर्ण मध्यप्रदेश के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।राज्यपाल श्री पटेल बुधवार को लोकभवन के बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में 29वें राष्ट्रीय युवा उत्सव एवं विकसित भारत यंग लीडर्स संवाद कार्यक्रम, नई दिल्ली के लिए चयनित मध्यप्रदेश के युवा प्रतिभागियों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सहभागिता और सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग भी उपस्थित थे।राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे स्वामी विवेकानंद जी के जीवन दर्शन से प्रेरणा लें और राष्ट्र निर्माण को अपना ध्येय बनाएं। उन्होंने कहा कि आप एक ऐसे मंच पर जा रहे हैं, जहाँ देश के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष अपने विचार रखने का प्रत्यक्ष अवसर मिलेगा। यह मंच आपकी सोच, दृष्टि और नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। राज्यपाल ने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य के अनुरूप सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का नाम रोशन करें।राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ का स्वप्न प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का एक दूरदर्शी और महान विजन है। इस विजन को साकार करने की जिम्मेदारी आज के ऊर्जावान, नवाचारी और जागरूक युवाओं के कंधों पर है। यह केवल एक नारा नहीं है, बल्कि हर भारतीय के जीवन स्तर को ऊपर उठाने, देश को आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त बनाने का एक व्यापक और समग्र रोडमैप है। उन्होंने कहा कि युवा अपने विचारों, नवाचार और परिश्रम से इस लक्ष्य को वास्तविकता में बदल सकते हैं।खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में नई दिल्ली में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स संवाद कार्यक्रम देश के नवनिर्माण में युवाओं की सक्रिय सहभागिता का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को नीति निर्माण, नेतृत्व और राष्ट्र के भविष्य को आकार देने की प्रक्रिया से जोड़ने का अवसर प्रदान करता है। श्री सारंग ने मध्यप्रदेश से चयनित सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे अपनी प्रतिभा और विचारों से प्रदेश एवं देश का गौरव बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका अभिनंदन किया। स्वागत उद्बोधन खेल संचालक श्री राकेश गुप्ता ने दिया। चयनित प्रतिभागियों की ओर से सुश्री आध्या जैन एवं श्री सोमेश ने अपने विचार व्यक्त किए, जबकि कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन सुश्री सजल द्वारा किया गया।इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, अपर सचिव श्री उमाशंकर भार्गव, माय भारत की उप संचालक श्रीमती तारा पारगी सहित चयनित युवा प्रतिभागी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, ऊर्जा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से ओतप्रोत रहा।