मध्यप्रदेश में फिल्माई गई ‘होमबाउंड’ भारत की ऑस्कर 2026 की आधिकारिक प्रविष्टि,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश ने एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा मंच पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। वैश्विक स्तर पर सराही गई फिल्म लापता लेडीज के बाद अब राज्य में शूट हुई फीचर फिल्म होमबाउंड को 98वें अकादमी अवॉर्ड्स (ऑस्कर 2026) की बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म श्रेणी में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चयनित किया गया है।मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर फिल्म की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह गौरव न केवल फिल्म जगत का है बल्कि पूरे मध्यप्रदेश का है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश फिल्म पर्यटन नीति-2025 ने सिंगल विंडो सिस्टम, सरल अनुमतियों और आकर्षक वित्तीय प्रोत्साहनों से फिल्मांकन को आसान बनाया है। “होमबाउंड का मध्यप्रदेश में फिल्माया जाना और उसका अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना इस बात का प्रमाण है कि मध्यप्रदेश तेजी से एक प्रमुख ग्लोबल शूटिंग हब के रूप में स्थापित हो रहा है,” उन्होंने कहा।मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह उपलब्धि प्रदेश के युवा फिल्म निर्माताओं के लिए प्रेरणा बनेगी और भारतीय सिनेमा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि होमबाउंड ऑस्कर में शानदार सफलता हासिल करेगी और भारत के साथ मध्यप्रदेश का नाम भी रोशन करेगी।

गौरतलब है कि होमबाउंड की पूरी शूटिंग वर्ष 2024 में भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में हुई थी। फिल्म धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी है, जिसके निर्माता करण जौहर और निर्देशक श्री नीरज घेवान हैं। इससे पहले नीरज घेवान की फिल्म मसान को भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली थी। फिल्म में ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जान्हवी कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *