गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

मध्यप्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता: मंत्री गोविंद सिंह राजपूत,

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है तथा इनके वितरण में किसी प्रकार की कमी या बाधा नहीं है। उन्होंने बताया कि देश की सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता से कार्य कर रही हैं और कच्चे तेल का भंडार भी पर्याप्त है, जिससे ईंधन आपूर्ति निर्बाध बनी हुई है।मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि पेट्रोल (MS) और डीजल (HSD) का पर्याप्त स्टॉक सभी ऑयल कंपनियों के पास उपलब्ध है और प्रदेश के पेट्रोल पंपों पर भी ईंधन की कोई कमी नहीं है। डिपो से लगातार आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

रसोई गैस की उपलब्धता सुनिश्चित

मंत्री ने बताया कि एलपीजी बॉटलिंग प्लांटों में पर्याप्त स्टॉक बनाए रखा गया है। उपभोक्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्लांट अतिरिक्त समय तक कार्य कर रहे हैं, ताकि रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित न हो।

बढ़ती मांग के अनुरूप विशेष प्रबंध

प्रदेश में ईंधन की बढ़ती मांग को देखते हुए सभी सप्लाई लोकेशनों को अधिक समय तक संचालित किया जा रहा है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे और स्थिति सामान्य रहे।

कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई

मंत्री श्री राजपूत ने बताया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एलपीजी की कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक 2050 स्थानों पर जांच की गई, जिसमें 2912 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए हैं और 9 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है।

पीएनजी कनेक्शन विस्तार पर जोर

प्रदेश में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाई जा रही है। लंबित अनुमतियों को शीघ्र जारी करने और नई अनुज्ञप्तियां 24 कार्यकारी घंटों में देने की व्यवस्था की गई है।वर्तमान में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) के माध्यम से 2,14,980 घरेलू, 535 औद्योगिक और 661 वाणिज्यिक पीएनजी कनेक्शन दिए जा चुके हैं। सिंगल विंडो पोर्टल के माध्यम से आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।इस दिशा में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड सहित अन्य संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किया जा रहा है।

जनता से अपील

मंत्री श्री राजपूत ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है, इसलिए आवश्यकतानुसार ही ईंधन खरीदें और अनावश्यक भंडारण से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *