गोंडवाना आदिवासी कला केंद्र

मध्यप्रदेश पुलिस का राज्यव्यापी कॉम्बिंग गश्त अभियान : 2100 से अधिक वारंटी गिरफ्तार, अपराधियों में मचा हड़कंप,

भोपाल। प्रदेश में अपराधियों, फरार वारंटियों एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा राज्यव्यापी विशेष ‘कॉम्बिंग गश्त’ अभियान संचालित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में देर रात से लेकर सुबह तक चले इस व्यापक अभियान में प्रदेशभर के 2500 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मुस्तैदी के साथ मैदान में उतरे।अभियान के दौरान विभिन्न जिलों में रिकॉर्ड 2100 से अधिक वारंट तामील करते हुए फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही सूचीबद्ध बदमाशों, गुंडों, हिस्ट्रीशीटरों एवं जिला बदर अपराधियों की सघन चेकिंग की गई। पुलिस द्वारा आबकारी एक्ट, जुआ-सट्टा, अवैध हथियार तथा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की गई।ग्वालियर पुलिस ने रातभर चले अभियान में 249 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 121 स्थायी एवं 128 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 303 गुंडों एवं हिस्ट्रीशीटरों की जांच कर अवैध शराब एवं हथियारों के खिलाफ कार्रवाई की गई।जबलपुर पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त के दौरान 120 स्थायी वारंट एवं 71 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 191 वारंट तामील किए।टीकमगढ़ में दो दिवसीय मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन के तहत 467 वारंट तामील किए गए, जिनमें 6 स्थायी, 55 गिरफ्तारी, 160 जमानती एवं 246 अन्य वारंट शामिल रहे। साथ ही वाहन चेकिंग एवं आबकारी एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई।मुरैना पुलिस ने 150 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 73 स्थायी, 63 गिरफ्तारी, ईनामी एवं फरार बदमाश शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 28 हिस्ट्रीशीटर एवं 18 जिला बदर अपराधियों की जांच की गई। थाना पहाड़गढ़ पुलिस ने 44 हजार रुपए मूल्य की 8 पेटी अवैध देशी शराब जब्त कर कार्रवाई की।विदिशा जिले में 720 स्थानों पर दबिश देकर 297 वारंट तामील किए गए। साथ ही 201 बदमाशों के ठिकानों पर रेड, 158 हिस्ट्रीशीटरों एवं 11 जिला बदर व्यक्तियों की जांच की गई।उज्जैन पुलिस ने 200 वारंट तामील किए, जिनमें 85 स्थायी, 110 गिरफ्तारी एवं 5 वसूली वारंट शामिल हैं। 150 से अधिक निगरानी, गुंडा एवं चाकूबाज बदमाशों की चेकिंग की गई तथा हत्या एवं हत्या के प्रयास के मामलों में फरार 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

खंडवा पुलिस ने 144 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 30 स्थायी, 97 गिरफ्तारी एवं 17 अन्य वारंट तामील किए।मंदसौर पुलिस ने 109 वारंटियों को गिरफ्तार किया। साथ ही 114 हिस्ट्रीशीटर एवं निगरानी बदमाशों की जांच की गई। थाना शामगढ़ पुलिस ने 68 ग्राम एमडी ड्रग तथा थाना नाहरगढ़ पुलिस ने एक कार से 65 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया। इसके अलावा 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर 57.24 लीटर अवैध शराब जब्त की गई तथा जुआ-सट्टा के 7 प्रकरण दर्ज किए गए।शाजापुर पुलिस ने 150 वारंट तामील करते हुए गुंडा-बदमाशों एवं जिला बदर अपराधियों की सघन जांच की।सिवनी जिले में 103 वारंटियों को गिरफ्तार कर निगरानी बदमाशों की चेकिंग की गई।खरगोन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 87 अपराधियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 19 स्थायी एवं 68 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं।मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय उत्पन्न करना, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना तथा आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण सुदृढ़ करना है। प्रदेश पुलिस द्वारा आगे भी इसी प्रकार के प्रभावी अभियान लगातार जारी रखे जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *