मध्यप्रदेश पुलिस की प्रभावी कार्रवाई: तीन जिलों में 698 गुम मोबाइल बरामद, कीमत लगभग 1.68 करोड़ रुपये,

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए किए जा रहे तकनीकी प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। प्रदेश के तीन जिलों—विदिशा, बुरहानपुर और अनूपपुर—में पुलिस द्वारा की गई प्रभावी कार्रवाई के तहत कुल 698 गुम मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 68 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। बरामद किए गए मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यमों और CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की सहायता से ट्रेस कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस किया गया है।विदिशा जिले में संचालित “मिशन मोबाइल रिकवरी” अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 603 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 50 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आधुनिक तकनीकी माध्यमों और डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम की सहायता से इन मोबाइल फोन को खोज निकाला।विशेष बात यह है कि मोबाइल बरामदगी की यह कार्रवाई केवल जिले तक सीमित नहीं रही, बल्कि प्रदेश के अन्य जिलों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और बिहार जैसे राज्यों से भी मोबाइल ट्रेस कर बरामद किए गए। इसके बाद सभी मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों को वापस करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।बुरहानपुर जिले में साइबर सेल और थानों में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क की सक्रियता से कुल 70 गुम मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए गए हैं। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लगभग 13 लाख रुपये है। बरामद मोबाइलों में विभिन्न कंपनियों के एंड्रॉयड स्मार्टफोन शामिल हैं, जिनकी कीमत 10 हजार रुपये से लेकर 40 हजार रुपये तक बताई गई है।पुलिस ने इन मोबाइलों को स्थानीय क्षेत्र के साथ-साथ सीमावर्ती जिलों और पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र से भी ट्रेस कर बरामद किया है। मोबाइल वापस मिलने पर कई नागरिकों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया। इनमें कई विद्यार्थी भी शामिल थे, जिनके लिए मोबाइल फोन पढ़ाई और ऑनलाइन गतिविधियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साधन था।अनूपपुर जिले के थाना रामनगर और थाना बिजुरी क्षेत्र में प्राप्त शिकायतों के आधार पर पुलिस ने तकनीकी माध्यमों से मोबाइल फोन ट्रैक कर कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस टीमों ने कुल 25 गुम मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 32 हजार रुपये है।बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस किए गए, जिससे फरियादियों के चेहरों पर खुशी लौट आई। मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने पुलिस की तत्परता और जनहितैषी कार्यवाही की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा गुम मोबाइल फोन की ट्रेसिंग के लिए आधुनिक तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। पुलिस द्वारा CEIR पोर्टल सहित अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से मोबाइल फोन को ट्रैक कर बरामद करने की प्रक्रिया को मजबूत किया गया है।पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तुरंत संबंधित थाने में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इससे मोबाइल फोन के दुरुपयोग को रोका जा सकेगा और उसे ट्रेस कर वापस दिलाने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जा सकेगी।मध्यप्रदेश पुलिस के इन सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश में बड़ी संख्या में गुम मोबाइल फोन बरामद कर नागरिकों को राहत प्रदान की जा रही है। इससे आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास भी लगातार मजबूत हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *