मध्यप्रदेश को औद्योगिक और रोजगार संपन्न राज्य बनाएंगे – मुख्यमंत्री डॉ. यादव,

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारे उद्योग और कारखाने भी मंदिरों की तरह हैं, जो लोगों के कष्ट मिटाते हैं। मध्यप्रदेश में उद्योगों का निरंतर जाल बिछाया जा रहा है। अब प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए पलायन की आवश्यकता नहीं है। नए उद्योग शुरू होने से प्रदेश में तेजी से समृद्धि आएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगारपरक उद्योगों में प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें 5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी। हमारा लक्ष्य है कि मध्यप्रदेश को औद्योगिक और रोजगार संपन्न राज्य बनाएं और आने वाले समय में मध्यप्रदेश को देश का नंबर एक राज्य बनाएं।मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को भोपाल के निकट अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र में 416 करोड़ रुपये के निवेश वाली 6 नवीन औद्योगिक इकाइयों के भूमि-पूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र एक्सटेंशन फेज-3 (ग्राम हज्जामपुर) का शिलान्यास भी किया, जो 31.21 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि अचारपुरा विशेष औद्योगिक केंद्र के रूप में उभरेगा। प्रदेश में उद्योग और व्यापार को अनुकूल माहौल प्रदान करने के लिए राज्य सरकार हर संभव कदम उठा रही है। दुनिया के बड़े-बड़े उद्योगपति अब मध्यप्रदेश में उद्योग लगाने के लिए आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज अचारपुरा में हर पीढ़ी के उद्यमी मौजूद हैं, जो इस क्षेत्र की बदलती तस्वीर का प्रतीक है।

डॉ. यादव ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यहां गोकलदास एक्सपोर्ट्स प्रा. लि. के वरिष्ठ उद्यमी श्री प्रभात सिंह, सिनाई हेल्थकेयर के युवा उद्योगपति श्री आदित्य शर्मा और एसेड्स प्राइवेट लिमिटेड के श्री रौनक चौधरी की उपस्थिति इस क्षेत्र की औद्योगिक संभावनाओं को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि सावन का समय है और इस अवसर पर यहां उद्योगों की वर्षा हो रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में पूरे देश में उद्योग-व्यापार का सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है। मध्यप्रदेश भी इस औद्योगिक क्रांति में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि हर जिले में उद्योग स्थापित हों ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध हो और प्रदेश का युवा अपने गृह क्षेत्र में ही आत्मनिर्भर बन सके।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार उद्योगों को तेजी से स्वीकृति, बेहतर बुनियादी सुविधाएं, कर प्रोत्साहन और श्रमिकों को प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें मजबूत आधार दे रही है। अचारपुरा जैसे औद्योगिक क्षेत्रों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त किया जा रहा है, जिससे यहां देश-विदेश के निवेशकों के लिए आकर्षक अवसर बन सकें।उन्होंने कहा कि अचारपुरा की तस्वीर आज बदल गई है। जहां कभी खाली ज़मीन थी, वहां आज उद्योगों का विकास हो रहा है। आने वाले समय में यह क्षेत्र प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई प्रदान करेगा।कार्यक्रम में उपस्थित उद्यमियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को आश्वस्त किया कि वे प्रदेश की औद्योगिक प्रगति में सहयोग करते रहेंगे और स्थानीय युवाओं को अधिकतम रोजगार के अवसर देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *