भोपाल| राजधानी के बिट्टन मार्केट दशहरा मैदान पर आयोजित होने वाले 137वें सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण महायज्ञ को लेकर उत्साह का माहौल है। ब्रह्मलीन संत पंडित देव प्रभाकर शास्त्री ‘दद्दाजी’ एवं पूज्य गुरुमाता ‘जिज्जी’ की स्मृति में आयोजित इस भव्य महा रुद्राभिषेक की कमान गृहस्थ संत पूज्य बड़े भैया अनिल प्रभाकर शास्त्री संभाल रहे हैं। आयोजन को सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के उद्देश्य से ‘दद्दा शिष्य मंडल भोपाल’ के प्रतिनिधि मंडल ने मध्य प्रदेश शासन के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग से मुलाकात की। इस दौरान आयोजन की सफलता और देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत खाका पेश किया गया। प्रतिनिधि मंडल ने मंत्री सारंग को महायज्ञ के दौरान होने वाली संभावित भीड़ और उससे जुड़ी जरूरतों से अवगत कराया। चर्चा के मुख्य बिंदु रहे: सुरक्षा व्यवस्था: श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए पुख्ता पुलिस बल की तैनाती। यातायात प्रबंधन: शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखते हुए पार्किंग के विशेष इंतजाम। स्वच्छता अभियान: नगर निगम के माध्यम से कार्यक्रम स्थल पर निरंतर सफाई सुनिश्चित करना। मंत्री विश्वास सारंग ने आयोजन की आध्यात्मिक महत्ता को स्वीकार करते हुए आश्वस्त किया कि शासन-प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए। आध्यात्मिक संगम का केंद्र बनेगा भोपाल बता दें कि दद्दाजी द्वारा शुरू की गई यह परंपरा देश के कोने-कोने में विख्यात है। इस 137वें महायज्ञ में देशभर से हजारों गुरु भाई और श्रद्धालु भोपाल पहुँचेंगे, जो मिट्टी से शिवलिंग निर्मित कर उनका अभिषेक करेंगे। शिष्य मंडल के सदस्यों ने बताया कि आयोजन को लेकर गुरु भक्तों में भारी उत्साह है और वॉलंटियर्स की टोलियां दिन-रात तैयारियों में जुटी हैं।