मेडिकल कॉलेज और अन्य विकास कार्यों को मिलेगी गति – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

छतरपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होकर जिले के विकास के लिए अनेक घोषणाएँ कीं। उन्होंने कहा कि छतरपुर में 10 करोड़ रुपए की लागत से एक आधुनिक स्टेडियम बनाया जाएगा। इसके साथ ही जिले में 30 एकड़ क्षेत्र में गौशाला, एक करोड़ रुपए की लागत से कन्या विवाह भवन एवं सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि छतरपुर मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य को गति प्रदान की जाएगी तथा इसके पास एक चिकित्सालय भी स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एमपी-यूपी इकॉनामिक कॉरिडोर के अंतर्गत सागर-कबरई फोर लेन बनने के बाद सागर से छतरपुर की दूरी मात्र दो घंटे में तय की जा सकेगी।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में भाग लिया, माखन से भरी मटकी फोड़ी और रोड शो में भी शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “भगवान श्रीराम उत्तर से दक्षिण और श्रीकृष्ण पूर्व से पश्चिम गए। भारत की संस्कृति को समझना है तो इनके जीवन का स्मरण कीजिए। विश्व में भारत की पहचान श्रीराम और श्रीकृष्ण से है, जिन्होंने बड़ी-बड़ी आसुरी शक्तियों का अंत उनके घर में जाकर किया।”

मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड की वीर भूमि की गौरवगाथा का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां छत्रसाल महाराज, वीर आल्हा-ऊदल जैसे पराक्रमी योद्धाओं ने चंदेल राजाओं के लिए बड़ी लड़ाइयाँ लड़ीं। उन्होंने खजुराहो को विश्व धरोहर स्थल, पन्ना के हीरे और टाइगर्स को क्षेत्र की शान बताया।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 5 करोड़ की लागत से छतरपुर सिंचाई कॉलोनी स्थित आधुनिक सेंट्रल ग्रंथालय (लाइब्रेरी) का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुस्तकालय की ज्ञान अर्जन में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों से चर्चा की और कहा कि इस लाइब्रेरी का पूरा लाभ लें और आगे बढ़ें। इस अवसर पर केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री श्री दिलीप अहिरवार, विधायक श्रीमती ललिता यादव, कमिश्नर श्री अनिल सुचारी, पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती हिमानी खन्ना एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *