श्रावण मास के पवित्र अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रावण के दूसरे दिन उज्जैन स्थित भगवान श्रीमहाकाल के दर्शन कर भस्मारती में सपत्नीक भाग लिया। पूजन पुजारी श्री आकाश गुरु द्वारा विधिपूर्वक सम्पन्न कराया गया। मुख्यमंत्री दंपत्ति ने नरसिंह घाट पर स्नान कर पूजन-अर्चन भी किया।भस्मारती के उपरांत मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रीमहाकाल मंदिर परिसर में भ्रमण किया और देशभर से आए श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनके दर्शन अनुभव की जानकारी ली। अयोध्या से आई एक महिला श्रद्धालु ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि मंदिर में दर्शन सुलभता से पूर्ण हुए, जिसके लिए वे आभारी हैं।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कहा कि “बाबा श्रीमहाकाल की कृपा और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश प्रगति और समृद्धि की दिशा में देश के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है।”उन्होंने बताया कि हाल ही में इंदौर में आयोजित ग्रोथ समिट में प्राप्त निवेश से प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। स्कूली एवं कॉलेज स्तरीय शिक्षा में विश्व स्तरीय रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जा रहे हैं। राज्य में 3 लाख से अधिक रोजगार के अवसर सृजित किए जा रहे हैं, जिससे युवा वर्ग को व्यापक लाभ होगा।मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि प्रमोशन प्रक्रिया के माध्यम से प्रदेश के 5 लाख से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारी लाभान्वित होंगे।