उज्जैन, 16 अगस्त 2025 — मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जन्माष्टमी पर्व के अवसर पर उज्जैन स्थित श्री मीरा माधव मंदिर में सपत्नीक पहुंचकर भगवान श्री मीरा माधव की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने भगवान श्री मीरा माधव से प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की।पूजन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि उज्जैन का प्रत्येक मंदिर और तीर्थ स्थल धार्मिक आस्था का केंद्र होने के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निरंतर उज्जैन के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विशेष रूप से मक्सी रोड और इसके संपूर्ण क्षेत्र में सर्वांगीण विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे यहां के निवासियों और आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।मुख्यमंत्री ने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व केवल धार्मिक आस्था का ही नहीं बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को संजोने का भी प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण ने अपने जीवन से धर्म, नीति और कर्मयोग का संदेश दिया है। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम उन आदर्शों का पालन कर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।इस अवसर पर उज्जैन विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, श्री संजय अग्रवाल, श्री रवि सोलंकी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर परिसर भक्ति और उल्लास के वातावरण से गूंज उठा।मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे समाज में प्रेम, भाईचारा और सौहार्द की भावना को और मजबूत करें।