उज्जैन, 3 जून 2025 — मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 4 जून को प्रातः 8 बजे उज्जैन के रामघाट से जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत आयोजित क्षिप्रा तीर्थ परिक्रमा का शुभारंभ करेंगे। यह आयोजन श्रद्धा, संस्कृति और जल संरक्षण के संदेश को समर्पित है और गंगा दशहरा पर्व की पूर्व संध्या पर भव्य रूप में संपन्न होगा।इस दो दिवसीय परिक्रमा का आयोजन क्षिप्रा लोक संस्कृति समिति द्वारा किया जा रहा है, जिसमें संत, इतिहासकार, साहित्यकार, विषय विशेषज्ञ तथा हजारों श्रद्धालु भाग लेंगे। परिक्रमा मार्ग में पौराणिक और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।यात्रा प्रातः 8 बजे रामघाट से प्रारंभ होकर नरसिंह घाट, कर्कराज मंदिर, नानाखेड़ा, त्रिवेणी, शनि मंदिर और गुरुकुल स्कूल पहुंचेगी, जहां विश्राम व प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद यात्रा पुनः प्रारंभ होकर सिकंदरी, गोठड़ा, चिंतामण, भूखी माता तथा गुरुनानक घाट होते हुए शाम को पुनः रामघाट लौटेगी।सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक श्री पवन तिवारी की संगीतमय प्रस्तुति होगी।
5 जून 2025 (गंगा दशहरा) दूसरे दिन परिक्रमा दत्त अखाड़ा घाट से ध्वज पूजन के साथ प्रारंभ होकर रणजीत हनुमान, मंगलनाथ, काल भैरव, सांदीपनि आश्रम, ऋणमुक्तेश्वर और अन्य तीर्थ स्थलों से होकर शाम 5 बजे रामघाट पर सम्पन्न होगी।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस अवसर पर माँ क्षिप्रा को 351 फीट लंबी चुनरी अर्पित करेंगे।यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि जल संरक्षण, पर्यावरण चेतना एवं सांस्कृतिक जागरूकता का संदेश भी देता है।